
दुर्ग।शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विषय की एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा रूचि देशमुख ने मोहन लाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर, राजस्थान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के जियो यूथ 2026 सेमीनार में श्रेष्ठ शोध पत्र का पुरस्कार प्राप्त किया है। यह जानकारी देते हुए भूगर्भशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि इस जियो यूथ 2026 कॉनक्लेय में 7 राज्यों राजस्थान, छत्तीसगढ़, पंजाब, गुजरात, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश के 15 विश्वविद्यालयों के छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया।
उदयपुर में भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित इस जियो यूथ 2026 के विषय में जानकारी देते हुए प्रभारी प्राध्यापक प्रोफेसर डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि रूचि देशमुख ने अपना शोध पत्र वायु के द्वारा रेगिस्तान में बनने वाली विभिन्न संरचनाओं की सचित्र जानकारी पावर पाइंट प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विस्तार से दी। रूचि देशमुख ने अलावा साइंस कालेज दुर्ग के अन्य 12 विद्यार्थियों ने जियो यूथ कॉनक्लेव 2026 में ओरल तथा पोस्टर प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इन विद्यार्थियों में फाल्गुनी साहू, एवेन्द्र, अर्जुन सोनकर, छवि परमार, संजना श्रीवास्तव, नेहा कुर्रे, दीपा साहू, निशा, सौम्य पांडेय, चेतना गायकवाड, जयंती बाघ, लोकेश्वरी देशमुख आदि शामिल थे।
इन प्रतियोगिताओं के अलावा आयोजित सांस्कृतिक संध्या में इन विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुतिकरण द्वारा उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इन विद्यार्थियों ने उदयपुर के समीप स्थित चट्टानों का भूवैज्ञानिक अध्ययन करने के साथ साथ झमरकोटरा फास्फोराइट डिपॉजिट तथा, अभरक, सज्जीकरण संयंत्र का भ्रमण भी किया तथा विभिन्न चट्टानों तथा खनिजों के नमूने भी एकत्रित किये। भूगर्भशास्त्र की छात्रा रूचि देशमुख की सफलता पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।

