तीन दिन से तीर से घायल बायसन का रेस्क्यू, रायपुर टीम ने बचाई जान – आरोपी अब भी फरार

Spread the love

कबीरधाम।
पूर्व क्षेत्र के जामुनपानी और छिरहा के उजड़े जंगल में तीर से घायल बायसन का मामला सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को रायपुर से विशेषज्ञ टीम बुलाई गई, जो बुधवार दोपहर तक मौके पर पहुंची और बायसन का सफल उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, बायसन को बाहर से तीर मारा गया था। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कुछ दिन और देरी होती तो बायसन की मौत भी हो सकती थी। रायपुर टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर बायसन के शरीर से तीर निकाल दिया। वर्तमान में बायसन की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना की जांच के लिए रायपुर से डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया। भेसाडबरा में तीर निकालने के बाद उसे डॉग को सूंघाया गया, जिसके बाद डॉग छिरहा, डालामोहा, चियादाढ़ होते हुए तेलियापानी लेदरा तक पहुंचा। बावजूद इसके देर शाम तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घायल बायसन फिलहाल बदोरा के आसपास ही मौजूद है और वन विभाग उसकी निगरानी कर रहा है। वहीं, वन विकास के अधिकारियों का रवैया सवालों के घेरे में है—न तो फोन कॉल का जवाब दिया गया और न ही कोई आधिकारिक जानकारी साझा की गई। इससे मामले को दबाने की आशंका जताई जा रही है।
गौरतलब है कि ग्रामीणों की सतर्कता के कारण ही घायल बायसन समय रहते नजर में आया और उसका सफल इलाज संभव हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?