
रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में पालतू कुत्ते को लेकर विवाद के बीच गर्भवती महिला से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दो महिलाएं बीच सड़क पीड़िता के साथ धक्का-मुक्की और थप्पड़ मारते नजर आ रही हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भिलाई के नेहरू नगर निवासी गुरप्रीत कौर, जो पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं, 27 फरवरी को रायपुर के भाठागांव स्थित कृष्ण होटल में रुकी हुई थीं। उनके साथ उनके दो पालतू कुत्ते भी थे। बताया गया कि वह कुछ समय के लिए अपने निजी काम से बाहर गई थीं और कुत्तों को होटल में ही छोड़ दिया था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वह वापस होटल पहुंचीं, तब खुद को पशु प्रेमी रेस्क्यू संस्था की सदस्य बताने वाली किरण घनश्याम आहूजा और उनकी टीम वहां पहुंची। आरोप है कि कुत्तों की सही देखभाल नहीं करने का आरोप लगाते हुए किरण आहूजा ने गुरप्रीत कौर को खरी-खोटी सुनाई और थप्पड़ मार दिया।
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो संस्था की दूसरी महिला सदस्य भी आगे आई और उसने भी उन्हें थप्पड़ मारा। आरोप है कि इस दौरान उनकी टी-शर्ट खींचकर धक्का दिया गया। इसके बाद रेस्क्यू टीम के सदस्य उनके पालतू कुत्ते और मोबाइल फोन को अपने साथ ले गए।
पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद गुरप्रीत कौर ने पुरानी बस्ती थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि रेस्क्यू संस्था के लोग उन पर कुत्तों को मारने का आरोप लगा रहे थे और दबाव बना रहे थे कि वे अपने डॉग्स उन्हें सौंप दें। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने जबरन कुत्ता और मोबाइल छीन लिया।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने 27 फरवरी को ही थाने में आवेदन दिया था और पिछले कई दिनों से कार्रवाई के लिए पुलिस के पास जा रही थीं।

सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
पुरानी बस्ती थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर किरण आहूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

