रायपुर में राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोतने पर गरमायी राजनीति, अब पुलिस ने युकांईयों पर दर्ज किया एफआईआर

Spread the love

रायपुर 27 नवंबर 2025। राजधानी रायपुर में बीजेपी विधायक राजेश मूणत के पोस्टर और होर्डिंग्स पर कालिख पोते जाने को लेकर राजनीति गरमा गयी है। साइंस कालेज के सामने से चैपाटी हटाये जाने के विरोध में एक दिन पहले युवा कांग्रेसियों ने राजेश मूणत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर में लगे विकास कार्यों से जुड़े पोस्टर पर राजेश मूणत की फोटो पर कालिख पोत दी थी। इस पूरे घटनाक्रम पर अब पुलिस ने कालिख पोतने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकरी के मुताबिक रायपुर के सरस्वती नगर थाना पुलिस में शिकायत की गयी है। जिसके बाद पुलिस ने विनोद कश्यप उर्फ भक्कू और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस में शिकायत करने वाले दिनेश तिवारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 26 नवंबर को दोपहर वे रायपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि जी.ई. रोड पर लगाए गए विकास कार्य संबंधी पोस्टर पर छपी रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत की तस्वीर पर किसी ने काली स्याही पोती हुई थी।

साथ ही कमल निशान को काले पेंट से काटा गया था। शिकायतकर्ता ने इसे जनप्रतिनिधि का अपमान बताते हुए कहा कि पोस्टर की उपयोगिता नष्ट करने और शांति भंग करने की मंशा से यह हरकत की गई है। दिनेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद में जानकारी मिली कि यह कृत्य विनोद कश्यप उर्फ भक्कू और उसके अन्य साथियों द्वारा किया गया है। दिनेश तिवारी की रिपोर्ट पर सरस्वती नगर पुलिस ने विधायक राजेश मूणत के पोस्टर और होर्डिंग्स पर कालिख पोतने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?