फुटपाथ पर चल रही अवैध पार्किंग पर पुलिस की कार्रवाई, कई वाहनों के कटे ई-चालान

Spread the love

भिलाई। शहर के जुनवानी क्षेत्र स्थित सूर्या मॉल के सामने फुटपाथ पर लंबे समय से संचालित अवैध पार्किंग के खिलाफ पुलिस ने देर रात कार्रवाई की। ट्रैफिक पुलिस और स्मृति नगर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कई वाहनों पर ई-चालान जारी किया, जबकि जिन वाहनों के मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे, उन वाहनों को जब्त कर नेहरू नगर ट्रैफिक पुलिस कार्यालय ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम जब सूर्या मॉल के सामने पहुंची तो फुटपाथ पर बड़ी संख्या में बाइक और कार खड़ी मिलीं। जांच में पता चला कि यहां अवैध रूप से रसीद काटकर पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था। कार पार्किंग के लिए 60 रुपए और बाइक के लिए 20 रुपए वसूले जा रहे थे।

एक व्यक्ति हिरासत में
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उस पर स्मृति नगर चौकी पुलिस ने धारा 285 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि नगर निगम की जमीन पर बिना अनुमति पार्किंग चलाकर लोगों से पैसे वसूलना गैरकानूनी है।

मॉल प्रबंधन से भी पूछताछ
पुलिस ने सूर्या मॉल के मैनेजर विनोद सिंह से भी पूछताछ की। उन्होंने बताया कि मॉल परिसर के अंदर ही पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है और बाहर संचालित हो रही पार्किंग से मॉल प्रबंधन का कोई संबंध नहीं है। उनके अनुसार सड़क किनारे फुटपाथ पर आशीष कुमार नाम का व्यक्ति अपने स्तर पर वाहनों की पार्किंग करवा रहा था।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक जिस जगह पर पार्किंग संचालित की जा रही थी वह नगर निगम की जमीन है। अवैध पार्किंग को लेकर पहले भी नगर निगम और पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है। एक बार कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन नियमित निगरानी नहीं होने के कारण दोबारा वही स्थिति बन गई।
लोगों का कहना है कि सूर्या मॉल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। भीड़ अधिक होने पर मॉल की पार्किंग में जगह कम पड़ जाती है, जिससे कई लोग सड़क और फुटपाथ पर वाहन खड़े कर देते हैं। इसी का फायदा उठाकर अवैध पार्किंग संचालित की जा रही थी और लोगों से पैसे वसूले जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?