साइंस कॉलेज में 60 से अधिक छात्रों ने सीखा साबुन और मोमबत्ती निर्माण,राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण आयोजित

Spread the love

भिलाई।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में शासकीय साइंस कॉलेज भिलाई में विद्यार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देने हेतु साबुन एवं मोमबत्ती निर्माण का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यशाला में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के 60 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक सिंहराज गुप्ता ने विद्यार्थियों को साबुन, मोमबत्ती, फोटो फ्रेम, अगरबत्ती तथा फलों एवं सब्जियों का पाउडर बनाने की विधि की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कम लागत में इन उत्पादों का निर्माण कर स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 प्रत्येक विद्यार्थी की छुपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों का लक्ष्य केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यमिता की ओर भी अग्रसर होना चाहिए। महाविद्यालय समय-समय पर इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने व्यावहारिक रूप से उत्पाद तैयार कर प्रशिक्षण का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?