कल्याण कॉलेज में NSUI का हंगामा, विधायक प्रतिनिधि सहित 7 पर FIR दर्ज

Spread the love

प्रिंसिपल के केबिन में जबरन घुसकर स्याही फेंकी, पर्चे उछाले; जूते-चप्पलों की माला पहनाने की कोशिश

दुर्ग-भिलाई |

भिलाई के सेक्टर-7 स्थित कल्याण कॉलेज में मंगलवार सुबह भारी हंगामा खड़ा हो गया। NSUI के पदाधिकारी और भिलाई नगर विधायक प्रतिनिधि आकाश कनौजिया अपने समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे और करीब आधा घंटा प्रिंसिपल के केबिन में घेराव करते रहे। प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने आकाश समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मूल रूप से बर्खास्त महिला कर्मचारियों की बहाली को लेकर विवाद

घटना की शुरुआत तब हुई जब NSUI कार्यकर्ता कॉलेज में बर्खास्त की गई दो चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारियों को वापस काम पर रखने और उनसे सार्वजनिक माफी मांगने की मांग को लेकर एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि वे प्रिंसिपल से मिलने गेट पर इंतजार करते रहे, लेकिन मुलाकात नहीं होने पर वे भीतर घुसे।


केबिन में पर्चे फेंके, दस्तावेजों पर स्याही गिराई

प्रिंसिपल के अनुसार, प्रदर्शनकारी गार्ड को धक्का देकर केबिन में दाखिल हुए और वहां रखे सरकारी दस्तावेजों को उठाकर फेंक दिया। कई दस्तावेज स्याही गिरने से खराब भी हो गए। शिकायत में यह भी आरोप है कि उग्र कार्यकर्ताओं ने जूते-चप्पलों की माला बनाकर प्रिंसिपल को पहनाने का प्रयास किया और नेम प्लेट पर भी स्याही पोत दी।

घटना के समय केबिन में मौजूद अन्य शिक्षक—डॉ. अनुराग पांडे, डॉ. अनिरबन चौधरी और चिम्मन लाल सोन्ड्रे—ने भी पूरी घटना को प्रत्यक्ष देखा।


7 नामजद आरोपी, कई धाराओं में मामला दर्ज

भिलाई नगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जिन लोगों पर केस दर्ज किया है, उनमें शामिल हैं:

आकाश कन्नोजिया

दीपक पाल

आनंद यदु

नितेश गुप्ता (पूर्व सहायक प्राध्यापक)

आशीष कालो

भौमित पटेल

अंशुल शर्मा

पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 191(2), 221, 296, 324(1) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?