कुख्यात महिला तस्कर गुड़िया गिरफ्तार, दवा के नाम पर नशा का सौदा करते पुलिस ने दबोचा, महिला जवानों ने दौड़ाकर पकड़ा

Spread the love

अंबिकापुर के दर्रीपारा इलाके में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली इंजेक्शन के साथ कुख्यात महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पहले भी तीन बार जेल जा चुकी है और लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय थी।

 

अंबिकापुर 29 मार्च 2026।छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग को बड़ी सफलता मिली है। दर्रीपारा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आबकारी उड़नदस्ता टीम ने कुख्यात महिला तस्कर शोभा कुशवाहा उर्फ गुड़िया को नशीली इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। महिला पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं और वह तीन बार जेल जा चुकी है।

घर से भारी मात्रा में नशीली इंजेक्शन बरामद

आबकारी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दर्रीपारा क्षेत्र में एक महिला लंबे समय से नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई कर रही है। सूचना के आधार पर टीम ने दबिश दी, जहां आरोपी महिला के घर की तलाशी लेने पर 106 रेक्सोजेसिक (Rexogesic) और 72 एविल (Avil) इंजेक्शन बरामद किए गए।इन इंजेक्शनों का उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा था और इन्हें युवाओं के बीच सप्लाई किया जा रहा था।

भागने की कोशिश में पकड़ी गई आरोपी

छापेमारी के दौरान महिला आरोपी झोला लेकर मौके से भागने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पहले से मुस्तैद महिला जवानों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान टीम को कुछ देर तक मशक्कत भी करनी पड़ी।पूछताछ के दौरान महिला ने जिन लोगों से नशीले इंजेक्शन की सप्लाई ली थी, उनके नाम भी सामने आए। इसके बाद आबकारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

15-20 साल से चला रहे थे नशे का कारोबार

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पिछले 15 से 20 वर्षों से नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त थी। वह ब्राउन शुगर समेत अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में भी शामिल रही है। इससे पहले भी उसे तीन बार जेल भेजा जा चुका है, लेकिन हर बार बाहर आने के बाद वह दोबारा इस अवैध धंधे में सक्रिय हो जाती थी।

आबकारी विभाग की बड़ी सफलता

आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?