
औरैया। औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र स्थित सींगनपुर गांव में चर्चित ‘केंचुली कांड’ में बड़ा यू-टर्न आया है। बिस्तर पर सांप की केंचुली छोड़कर प्रेमी के साथ फरार हुई 21 वर्षीय युवती रीना अब अपने घर लौट आई है और परिवार के साथ ही रहने की इच्छा जताई है।
बीते दिनों पुलिस ने युवती को न्यायालय में पेश किया, जहां उसने बयान दर्ज कराते हुए कहा कि वह अपने घर जाना चाहती है। रीना ने यह भी कहा कि उसे यह याद नहीं कि वह प्रेमी के साथ कैसे चली गई और केंचुली रखने या ‘नागिन’ बनने की अफवाह से उसका कोई संबंध नहीं है।
ऐसे शुरू हुआ था मामला
पूरा मामला फफूंद थाना क्षेत्र के सींगनपुर गांव का है। कुछ दिन पहले रीना के अचानक लापता होने के बाद उसके कमरे में बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने की बात सामने आई थी। साथ ही सिंदूर और चूड़ी रखे होने की चर्चा भी हुई। इससे गांव में ‘इच्छाधारी नागिन’ बनने जैसी अफवाहें फैल गईं और मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
हालांकि पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि युवती अपने प्रेमी श्याम के साथ गई थी।
पहले वीडियो में शादी का दावा
मामला बढ़ने पर रीना ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर कहा था कि वह अपनी मर्जी से घर से गई है और प्रेमी से कोर्ट मैरिज कर चुकी है। उसने कुछ तस्वीरें भी दिखाईं और कहा कि यदि उन्हें कुछ हुआ तो उसके लिए परिवार जिम्मेदार होगा। उसने आरोप लगाया था कि परिवार उसकी शादी कहीं और कराना चाहता था, इसलिए उसने यह कदम उठाया।
थाने और कोर्ट में बदला रुख
बाद में थाने पहुंचकर रीना ने बयान में कहा कि केंचुली वाला ड्रामा परिवार की ओर से रचा गया। लेकिन न्यायालय में पेशी के दौरान उसने फिर बयान बदलते हुए घर लौटने की इच्छा जताई और कहा कि उसे केंचुली प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है।
युवती के वकील के अनुसार, वह बालिग है और कानूनन अपनी इच्छा से कहीं भी रहने के लिए स्वतंत्र है।
पुलिस की निगरानी में मामला
फिलहाल युवती अपने परिवार के साथ रह रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी तरह का विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
‘केंचुली कांड’ के इस नए मोड़ ने इलाके में एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है, जबकि सोशल मीडिया पर फैली ‘नागिन’ वाली अफवाहों की सच्चाई पुलिस जांच में पहले ही साफ हो चुकी है।


