डॉ. मनराखन लाल साहू शासकीय महाविद्यालय, जामुल में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का भव्य आयोजन

Spread the love

जामुल |
डॉ. मनराखन लाल साहू शासकीय महाविद्यालय, जामुल में 26 से 28 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर “विज्ञान में महिलाएं : विकसित भारत की प्रेरक शक्ति” विषय पर त्रिदिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करना तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उनके योगदान पर विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस 26 फरवरी को पं. देवी प्रसाद चौबे शासकीय महाविद्यालय, साजा के वनस्पति शास्त्र के सहायक प्राध्यापक श्री श्रीजल कुमार शर्मा ने “साइंस एंड टेक्नोलॉजी फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने 17 सतत् विकास लक्ष्यों, क्रिस्पर-कैश टेक्नोलॉजी तथा विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर विज्ञान आधारित पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में नैना देवी शर्मा (प्रथम), डेविना साहू (द्वितीय) एवं दीप्ति धृतलहरे (तृतीय) रहीं। निबंध प्रतियोगिता में सानिया साहू ने प्रथम, नैना देवी शर्मा ने द्वितीय एवं जिज्ञासा रानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय दिवस 27 फरवरी को केसीबी शासकीय महाविद्यालय, भिलाई-3 के भौतिकशास्त्र के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष कालरा ने विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान एवं सी. वी. रमन के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दिन आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जिज्ञासा रानी (प्रथम), मीनाक्षी बर्मन (द्वितीय) एवं टिकेश कुमार पटेल (तृतीय) रहे। प्रतियोगिता का सफल संचालन श्री भुनेश्वर साहू (अतिथि व्याख्याता) द्वारा किया गया।
अंतिम दिवस 28 फरवरी को शासकीय नवीन महाविद्यालय, बोरी की रसायन विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. मीना चक्रवर्ती ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महिलाओं के समक्ष आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर सारगर्भित व्याख्यान दिया। इस दिन आयोजित मॉडल प्रतियोगिता में टिकेश कुमार पटेल एवं प्रिंस यादव (संयुक्त प्रथम), सानिया साहू (द्वितीय) तथा देवेन्द्र कुमार साहू (तृतीय) रहे।
संपूर्ण कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. एस. सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संयोजक डॉ. रचना चौधरी एवं सह-संयोजक डॉ. संजय परगनिहा सहित समस्त प्राध्यापकों एवं महाविद्यालय परिवार के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा मनीषा सेन एवं बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा सानिया साहू द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विज्ञान के प्रति अपनी जागरूकता एवं रचनात्मकता का परिचय दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?