बारनवापारा में दिखा ‘मां का प्यार’: नन्हें शावकों को पीठ पर बैठाकर घूमती दिखी मादा भालू,

Spread the love

बलौदाबाजार, 02 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के भारत नयापारा क्षेत्र स्थित बारनवापारा वन्यजीव अभ्यारण्य में इन दिनों प्रकृति का एक अद्भुत और भावुक दृश्य देखने को मिल रहा है। अभ्यारण्य में एक मादा भालू अपने दो नन्हें शावकों को पीठ पर बैठाकर जंगल में सैर कराती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घने साल और सागौन के वृक्षों से आच्छादित जंगल में सूखे पत्तों की सरसराहट के बीच जब मादा भालू अपने शावकों को सुरक्षित पीठ पर बिठाकर आगे बढ़ती दिखी, तो यह दृश्य किसी वन्यजीव वृत्तचित्र जैसा प्रतीत हुआ। सफारी पर निकले पर्यटकों ने इस दुर्लभ और स्वाभाविक क्षण को अपने कैमरों में कैद कर लिया।
वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मां और शावकों के बीच स्नेह और सुरक्षा का यह दृश्य जंगल की दुनिया के भावनात्मक पहलू को उजागर करता है।
अभ्यारण्य में इस मनोहारी दृश्य के बाद पर्यटकों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है। वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि वे वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और जंगल के नियमों का पालन करें, ताकि प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
प्रकृति की गोद में कैद यह दृश्य एक बार फिर साबित करता है कि जंगल अपने भीतर अनगिनत अनमोल और भावुक क्षण समेटे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?