
बलौदाबाजार।
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के नगर भवन में आयोजित होली मिलन समारोह में राजस्व मंत्री एवं बलौदाबाजार विधायक टंक राम वर्मा ने फाग गीत गाकर और नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। उनके गायन और उत्साहपूर्ण प्रस्तुति से पूरा माहौल रंग और उमंग से सराबोर हो गया।
समारोह में पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित शहर के कई राजनीतिक, सामाजिक प्रतिनिधि और व्यापारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। मंत्री वर्मा ने मंच से पारंपरिक फाग गीत प्रस्तुत किए, जिसे सुनकर उपस्थित लोग झूम उठे।
कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर मंत्री वर्मा ने नृत्य भी किया, जिसमें शहरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फाग गीतों की गूंज और रंगारंग माहौल ने पूरे समारोह को उत्साह और उल्लास से भर दिया।
इस अवसर पर मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि होली का यह पर्व सभी के जीवन में खुशियों और उत्साह के नए रंग लेकर आए।

