*मंत्री गजेन्द्र यादव का बस सफर, आमजन से जुड़कर उनसे संवाद किये*

Spread the love

दुर्ग। प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने आज सादगी और जनसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आम नागरिकों की तरह यात्री बस में सफर किये। वे धमधा से दुर्ग बस स्टैंड तक बिना किसी प्रोटोकॉल के एक सामान्य यात्री की तरह बस में बैठे और सहयात्रियों के साथ सहजता से संवाद किये। बस में केबिनेट मंत्री की मौजूदगी देखकर यात्रियों में पहले तो आश्चर्य हुआ, लेकिन उनकी सरलता और अपनापन देखकर सभी ने उनसे बातचीत किये।
      बस यात्रा के दौरान कई यात्रियों ने शिक्षा मंत्री के साथ सेल्फी ली और उनसे बेझिझक बातचीत किये। मंत्री श्री यादव ने भी बिना किसी औपचारिकता के सभी यात्रियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों को ध्यानपूर्वक सुने। मंत्री श्री यादव ने बताया कि वे पारिवारिक कार्य से पथरिया गए हुए थे। वापसी के दौरान बेमेतरा से दुर्ग तक अनमोल ट्रेवल्स की सवारी बस में यात्रा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की यात्रा से आमजन के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं और जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है, जो किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
      बस यात्रा के दौरान उन्होंने ग्रामीण अंचलों से जुड़े यात्रियों और शिक्षकों से शिक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों ने विद्यालयों की वर्तमान स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों तथा गुणवत्ता सुधार के उपायों पर अपने विचार साझा किए। मंत्री जी ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शासन स्तर पर इन बिंदुओं पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिए। इसके साथ ही ग्रामीण यात्रियों से बातचीत करते हुए खेती-किसानी, फसल उत्पादन, सिंचाई, समर्थन मूल्य, तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभ को लेकर भी चर्चा किये।
      मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे संवाद भविष्य की नीतियों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बस यात्रा केवल एक सामान्य सफर नहीं, बल्कि जनता से सीधे जुड़ने, उनकी भावनाओं को समझने की दिशा में एक सार्थक पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?