
बालोद, 24 मार्च 2026।
बालोद शहर के वार्ड क्रमांक-9 कुर्मीपारा क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि एक भीषण आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यह आग शिवसेना के प्रदेश सह सचिव शंकर चेनानी के पुराने मकान में तड़के लगभग 3 बजे लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि कुछ स्थानीय लोगों ने घर के ऊपर स्थित नीम के पेड़ की सूखी पत्तियों से आग भड़कने की आशंका भी जताई है। वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस आगजनी में घर में रखा टीवी, फ्रिज, कूलर सहित अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। साथ ही, कर्मचारियों की दो मोटरसाइकिलें भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गईं। घटना में दो गैस सिलेंडर भी प्रभावित हुए, लेकिन समय रहते वे फटने से बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। कुल नुकसान का अनुमान लगभग 8 लाख रुपये से अधिक लगाया गया है।

बताया गया कि उक्त मकान में पान-गुटखा कंपनी के कर्मचारी रहते थे। घटना के समय एक कर्मचारी अंदर सो रहा था, जिसने देर रात आग लगने का आभास होते ही किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, आग मकान के पिछले हिस्से से शुरू हुई और धीरे-धीरे पूरे घर में फैल गई। मकान की छत में सागौन की लकड़ियों का उपयोग होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे नुकसान अधिक हुआ।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।


