
दुर्ग/भिलाई, 10 दिसंबर।
सिंधी कॉलोनी स्टेशन रोड स्थित एक जिम में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह लगभग 6:15 बजे मोहन नगर थाना क्षेत्र में स्थित मनीष देवांगन के फिटनेस सेंटर की तीसरी मंजिल पर हुई। आग लगते ही जिम में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए दो दमकल वाहनों को मौके पर भेजा। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग को नियंत्रित किया। ऊपरी मंजिल में धुआं फैलने से हालात गंभीर हो रहे थे, लेकिन टीम ने सीढ़ियां लगाकर अंदर प्रवेश किया और चारों ओर से पानी की बौछार कर आग को काबू में किया।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दल प्रभारी धनु यादव और भगवती पंजारे के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम की तत्परता से आग इमारत के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक ली गई।
घटना में जिम में रखा लाखों रुपये का उपकरण जलकर खाक हो गया है। आग लगने के कारणों की फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगजनी के सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार यदि समय पर सूचना न मिलती और प्रतिक्रिया देर से होती, तो हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था। जिम संचालक एवं स्थानीय लोगों ने दमकलकर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


