कवर्धा में अवैध सट्टा पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो महिला सटोरिया गिरफ्तार, व्हाट्सएप ग्रुप से चला रही थीं नेटवर्क

Spread the love

कवर्धा। अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना कवर्धा क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

शिवाजी कॉलोनी में पहली कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर टीम ने वार्ड क्रमांक 1 शिवाजी कॉलोनी, कवर्धा में दबिश दी। यहां नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष), पति विक्रम गुप्ता, को अपने घर के सामने अवैध रूप से अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद रकम एवं पेन जब्त किया गया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

देवारपारा से भी महिला सटोरिया गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई लोहाराना देवारपारा, वार्ड क्रमांक 5, कवर्धा में की गई। यहां पूजा बांधेकर (28 वर्ष), पत्नी संदीप बांधेकर, को अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पृथक अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है।

व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए चल रहा था सट्टा नेटवर्क
डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विभिन्न समूहों के माध्यम से “खाईवाली” कर सट्टा संचालन कर रही थीं। इनके माध्यम से सट्टा खेलने और खिलाने वाले अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस द्वारा संबंधित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि शीघ्र ही अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अवैध सट्टा पर पुलिस सख्त
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे ऐसी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?