
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ है। दुर्ग पुलिस ने ठगी से जुड़े पैसों को रखने के लिए अपने बैंक खाते किराए पर देने वाले 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी भिलाई के खुर्सीपार, सुपेला, सेक्टर 4, सेक्टर 5, रिसाली और दुर्ग क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सुपेला स्थित बंधन बैंक शाखा में खाते खोलकर उन्हें म्युल अकाउंट के रूप में साइबर ठगों को किराए पर देते थे। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से अलर्ट मिलने के बाद यह बड़ा खुलासा हुआ। अलर्ट में बताया गया कि इन खातों में साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त रकम जमा की जा रही है।
जांच में सामने आया कि लगभग 27 म्युल खातों में कुल 1 करोड़ 20 लाख 57 हजार रुपये की संदिग्ध राशि जमा की गई थी तथा उसका लेनदेन भी किया गया।
अलर्ट मिलने पर दुर्ग पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। साइबर फ्रॉड से जुड़े सभी संदिग्ध खातों को होल्ड कराया गया तथा खाता धारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अभी मामले की गहन जांच में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं
रनजीत महानंद (रावणभाठा, सुपेला)
प्रमिला जंघेल (खुर्शीपार)
आकाश राव (सेक्टर 32)
विपिन कुमार सिरसाम (रिसाली सेक्टर)
मानवी बेरी (सेक्टर 5)
आशीष गुप्ता (जुनवानी)
पिंकी कुर्रे (कोहका)
रमाकांत बंसोड़ (सुपेला)
