
मुंगेली। जिले में एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब शादी समारोह से लौट रही एक XUV700 कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि वाहन में सवार दूल्हा-दुल्हन सहित सभी 7 लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधवापुल के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी, जहां विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सुबह विदाई हुई। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन सहित 7 लोग XUV700 वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे रोका। बाहर उतरकर देखने पर पता चला कि वाहन में आग तेजी से फैल रही है। कुछ ही क्षणों में धुआं गाड़ी के अंदर भर गया, जिससे खतरा बढ़ गया। सभी सवारियों ने बिना देर किए वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई।
देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

