महर्षि अरविन्दो के “विशाल भारत” पर व्याख्यान माला का आयोजन दुर्ग

Spread the love

दुर्ग।शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के राजनीति विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में “महर्षि अरविन्दो का विशाल भारत” विषय पर एक दिवसीय व्याख्यान माला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के रवीन्द्रनाथ टैगोर हॉल में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि थीं डॉ. वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष, बाल संरक्षण आयोग, छत्तीसगढ़ शासन (राज्य मंत्री स्तर), जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. एन. पी. दीक्षित, पूर्व कुलपति, हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग तथा श्री बी. एन. पाण्डेय, सदस्य, राष्ट्रीय कार्यकारिणी, राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं राज्य गीत के साथ हुआ। तत्पश्चात् प्राचार्य डॉ. एस. के. झा द्वारा अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल तकनीकी और प्रबंधन क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि इसकी सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक शक्ति इसे विश्वगुरु बनाने की दिशा में अग्रसर कर रही है।

विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. शकील हुसैन ने “विशाल भारत” की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महर्षि अरविन्दो का विचार केवल भूगोल तक सीमित नहीं, बल्कि यह भारत की आध्यात्मिक शक्ति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की अवधारणा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हिंसा और संघर्षों का समाधान भारत की आध्यात्मिक दृष्टि में ही निहित है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. एन.पी. दीक्षित ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि श्री अरविन्दो का “विशाल भारत” सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और नैतिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक कूटनीति और पड़ोसी देशों के साथ संबंधों के संदर्भ में “वृहत्तर भारत” की अवधारणा को विस्तार से समझाया।

मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा ने अपने प्रभावशाली व्याख्यान में कहा कि भारतीय संस्कृति मात्र परंपराओं का संग्रह नहीं, बल्कि यह जीवन की एक निरंतर प्रवाहमान धारा है, जो वसुधैव कुटुम्बकम और आध्यात्मिक एकता के मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने महर्षि अरविन्दो के आध्यात्मिक राष्ट्रवाद को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति के संरक्षण और प्रसार का आह्वान किया।

इस अवसर पर राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं राष्ट्रीय एकता विषय पर पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विजेताओं को डॉ. वर्णिका शर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. शकील हुसैन ने सभी अतिथियों, प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों, एन.एस.एस. स्वयंसेवकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं एन.एस.एस. स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?