बलौदा बाजार में ‘लिफ्ट लुटेरा’ गिरफ्तार, महिलाओं को बनाता था निशाना

Spread the love

बलौदाबाजार-भाटापारा | 02 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिला में महिलाओं को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सुनसान सड़कों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और वारदात के बाद फरार हो जाता था।
पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 को ग्राम बुडगहन निवासी 50 वर्षीय महिला मायके से लौट रही थीं। सवारी न मिलने पर उन्होंने एक बाइक सवार युवक से लिफ्ट ली। युवक ने चेहरा स्कार्फ से ढका हुआ था। रास्ते में ग्राम भटभेरा के पास सुनसान स्थान पर बाइक रोककर उसने महिला को धमकाया और उनके सोने-चांदी के गहने एवं नगदी लूटकर फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि यह कोई अकेली घटना नहीं थी, बल्कि आरोपी इसी तरीके से कई महिलाओं को अपना शिकार बना चुका था। थाना सुहेला और हथबंद क्षेत्र में भी इसी प्रकार की शिकायतें दर्ज थीं।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर सुहेला, हथबंद थाना एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 41 वर्षीय आरोपी मनोज जोशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने सभी वारदातें स्वीकार कर लीं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है, जिसमें करीब 1.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने, 78 हजार रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन तथा पीड़ितों को डराने के लिए उपयोग किया जाने वाला औजार शामिल है।
जांच में यह भी पता चला कि लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल दुर्ग जिला से चोरी की गई थी। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे सुनसान स्थानों पर अनजान व्यक्तियों से लिफ्ट लेने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में राहत की भावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?