साईंस कालेज, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आमंत्रित व्याख्यान स्वयं का सम्मान करना सफलता का मूलमंत्र सुशील गजभिये

Spread the love

दुर्ग। स्वयं का सम्मान करना सफलता का मूलमंत्र होता है। जब तक हम स्वयं पर विश्वास नहीं करेंगे तब तक हमारी प्रगति असंभव है। ये उद्‌गार छत्तीसगढ़ शासन, वित्त विभाग के एडिशनल डायरेक्टर तथा कामधेनु विश्वविद्यालय, दुर्ग के वित्त अधिकारी श्री सुशील गजभिये ने आज शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग में व्यक्त किये। श्री गजभिये आज साईंस कालेज, दुर्ग के भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित आमंत्रित व्याख्यान में भूगर्भशास्त्र के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। यह जानकारी देते हुए भूगर्भशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने बताया कि श्री गजभिये लेखन एवं गायन के क्षेत्र में भी अच्छी पकड़ रखते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता कैसे प्राप्त करें इस विषय पर श्री गजभिये ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

भूगर्भशास्त्र के प्राध्यापक डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि श्री गजभिये ने अपनी कविताओं तथा मधुर गीत के द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों को जानकारी दी कि जीवन के हर क्षेत्र में ईमानदारी एवं मेहनत ही सफलता दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे मोबाईल पर ज्यादा आश्रित न रहें, इससे आपके सोचने समझने की क्षमता कम हो जाती है तथा आप वहीं सोचते है, जो मोबाईल पर दिखता है। हमेशा नवाचार करने का प्रयत्न करें तथा ज्यादा से ज्यादा अध्ययन कर उसको स्वयं अपने हाथों से कॉपी में लिखने का प्रयास करें। इससे हमारी शब्दावली तथा स्मरण शक्ति में वृध्दि होती है। भूगर्भशास्त्र के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख एवं डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने पुस्तक भेंट कर श्री गजभिये का सम्मान किया। इस अवसर पर भूगर्भशास्त्र के अतिथि प्राध्यापक डॉ. राहुल द्विवेदी के साथ-साथ एम.एससी भूगर्भशास्त्र के कु. फाल्गुनी साहू, रूचि देशमुख, छबि परमार, चेतना गायकवाड़, संजना श्रीवास्तव, दीपा साहू नेहा कुर्रे, निशा, जिज्ञासा, मानषी जंघेल, इवेन्द्र कुमार, अर्जुन, जयंती बाघ सहित बड़ी संख्या में भूगर्भशास्त्र के विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?