नया रायपुर में भीषण सड़क हादसा: पहला सड़क हादसा: कार दो पेड़ों के बीच लटकी, डॉक्टर घायल, और दूसरा सड़क हादसा: डीपीएस स्कूल के सामने ट्रक पलटने से दंपति समेत तीन की मौत

Spread the love

रायपुर, 23 फरवरी 2026।
नया रायपुर में एक अजीबो-गरीब सड़क हादसे ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे एक कार अनियंत्रित होकर हवा में उछली और दो पेड़ों के बीच फंस गई। कार में सवार चालक, जो सत्य साई अस्पताल के डॉक्टर बताए जा रहे हैं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार तेज थी, जिससे वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे जा टकराया और पेड़ों के बीच अटक गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीपीएस स्कूल के सामने दर्दनाक हादसा, तीन की मौत
इसी क्षेत्र में रविवार शाम 8 से 8:30 बजे के बीच एक और भीषण सड़क हादसा हुआ। DPS School Raipur के सामने धान से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और पास से गुजर रही कार उसके नीचे दब गई। हादसे में तिल्दा निवासी राजकुमार शर्मा, उनकी पत्नी पद्मा शर्मा और कार चालक प्रवीण की मौत हो गई।
सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, ट्रक का पट्टा अचानक टूट जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक कार पर पलट गया। कार सवार राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और चालक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि ट्रक में करीब 20 टन (लगभग 500 कट्टा) धान लोड था। ओवरलोड और तेज रफ्तार के कारण हादसा हुआ। पुलिस को क्रेन की मदद से ट्रक हटाना पड़ा और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग बहाल किया जा सका।

संयोग से बची बड़ी अनहोनी
मृतक के छोटे बेटे मनीष ने बताया कि राजकुमार शर्मा की हाल ही में बायपास सर्जरी हुई थी। अस्पताल से सोमवार को छुट्टी मिलने वाली थी, लेकिन रविवार को अचानक डिस्चार्ज दे दिया गया। परिवार के अन्य सदस्य सोमवार को आने वाले थे। बड़े बेटे और बहू ने पुणे की फ्लाइट का टिकट होने के कारण साथ नहीं आए, जिससे वे इस हादसे का शिकार होने से बच गए।
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दोनों हादसों ने नया रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?