
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो दिनों के भीतर छह लोगों की जान सड़क दुर्घटनाओं में जा चुकी है। ताजा मामला बालोद जिले से सामने आया है, जहां एक भीषण हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
खड़े वाहन से टकराई बाइक
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-930 पर जमही टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार बाइक एक खड़े वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने शवों को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

राजधानी में भी हुआ था भीषण सड़क हादसा
गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को राजधानी रायपुर में भी रफ्तार का कहर देखने को मिला था। विधानसभा थाना क्षेत्र में दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था।
मृतकों की पहचान टेकारी निवासी भोजराज विश्वकर्मी, प्यारी बाई विश्वकर्मा और मांढर निवासी शुभम यादव के रूप में हुई थी।


