होली पर हुड़दंग: चलती कार से गुब्बारे फेंकने वाले युवक पर केस, वाहन जब्त.. वीडियो वायरल

Spread the love

रायपुर |
होली के पहले हुड़दंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रायपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। चलती कार से राहगीरों और वकीलों पर पानी से भरे गुब्बारे फेंकने के मामले में, भले ही कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए अपराध दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया।
यह मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 2 मार्च को भारतमाता चौक से कोटा जाने वाले मार्ग पर एक टाटा हैरियर (CG/04/PW/8922) में सवार युवक सनरूफ से बाहर निकलकर राहगीरों पर पानी के गुब्बारे फेंकते दिखाई दिए। घटना के दौरान वाहन चल रहा था, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।
वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने स्वयं प्रार्थी बनकर अपराध क्रमांक 100/26 दर्ज किया। आरोपी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है, जो लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर जनसुरक्षा को खतरे में डालने से संबंधित है।
जांच के दौरान वाहन स्वामी विजय कुकरेजा, निवासी देवपुरी, की कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की लापरवाही या दूसरों की जान जोखिम में डालने वाली हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली शांति, सद्भाव और कानून का पालन करते हुए मनाएं। किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?