
दुर्ग-भिलाई | 13 घंटे पहले
दुर्ग जिले के स्मृति नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी स्थित होटल क्राउड में अवैध देह व्यापार संचालित होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने देर रात होटल में दबिश दी, जहां बाहर से आई दो युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं। इस मामले में होटल मैनेजर के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
होटल में चल रहा था अवैध धंधा
पुलिस के अनुसार, होटल क्राउड में ग्राहकों को बुलाकर अवैध देह व्यापार कराए जाने की सूचना मिली थी। बताया गया था कि इसमें दूसरे राज्यों से आई महिलाएं शामिल हैं। सूचना की पुष्टि के बाद स्मृति नगर पुलिस टीम ने होटल में रेड की कार्रवाई की।
लखनऊ और गुजरात से आई थीं युवतियां
जांच के दौरान पुलिस ने लखनऊ (उत्तर प्रदेश) निवासी नाजरीन बानो (23) और दमन (गुजरात) निवासी सनम अंसारी (25) को होटल के कमरे से पकड़ा। दोनों युवतियां फ्लाइट से रायपुर एयरपोर्ट पहुंची थीं और वहां से भिलाई आकर होटल क्राउड में ठहरी थीं। बताया जा रहा है कि वे राजनांदगांव जाने की तैयारी में थीं, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया।
मैनेजर ने किया विवाद, महिला पुलिस से हुई झूमाझटकी
एएसपी एवं पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि रेड के दौरान जब पुलिस ने होटल से जुड़े दस्तावेज और ग्राहकों की जानकारी मांगी, तो होटल मैनेजर प्रदीप मिश्रा (23), निवासी सतना (मध्यप्रदेश) ने पुलिस टीम से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वहीं, महिला पुलिस द्वारा तलाशी और पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर दोनों युवतियों ने भी बहस शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस के साथ झूमाझटकी और हाथापाई का आरोप भी लगा, जिसके बाद उनके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश, जांच जारी
पुलिस ने होटल के कमरे से संबंधित साक्ष्य जुटाकर होटल मैनेजर और दोनों युवतियों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि होटल में कब से इस तरह की गतिविधियां चल रही थीं और इसमें कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क भी शामिल है या नहीं।



