रासेयो के तत्वाधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Spread the love

गरियाबंद। भारत सरकार युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा प्रायोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) का सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम हरदी के हाई स्कूल प्रांगण में शासकीय वीर सुरेंद्र साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गरियाबंद के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है।
शिविर के चतुर्थ दिवस प्रातः स्वयंसेवकों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। परियोजना कार्य के अंतर्गत ग्राम में स्वच्छता एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। साथ ही ग्राम के चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर जिला अस्पताल गरियाबंद के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बीपी एवं शुगर की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। स्वास्थ्य शिविर का लाभ लगभग 100 से अधिक स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों ने उठाया।
इसके पश्चात बौद्धिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। बौद्धिक चर्चा में मुख्य अतिथि समाजसेवी श्री नीलकंठ हिरवानी (हरदी) ने श्रीमद्भागवत गीता एवं वेदों के पठन-पाठन के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं शिक्षक एवं भूतपूर्व स्वयंसेवक श्री प्रदीप सेन ने राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। अंत में भूतपूर्व स्वयंसेवक श्री जितेंद्र साहू ने रासेयो के अपने अभूतपूर्व अनुभवों से स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया। इस परिचर्चा में स्वयंसेवकों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन पैरी समूह द्वारा किया गया। डॉ. प्रीतम द्वारा सभी वक्ताओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। रात्रि में दिनभर के कार्यों की समीक्षा कर आगामी दिवस की कार्ययोजना बनाई गई।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सत्यम कुंभकार, डॉ. प्रीतम, डॉ. पूजा सिंह, सुश्री करिश्मा सहित रासेयो के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?