
दुर्ग-भिलाई | दुर्ग जिले के बस स्टैंड परिसर में रविवार को महिला थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह (61) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे 15 दिन की छुट्टी के बाद ड्यूटी जॉइन करने बेटी के साथ दुर्ग लौट रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, त्रिलोक सिंह मूल रूप से मध्यप्रदेश के बालाघाट के रहने वाले थे और हाल ही में अवकाश बिताकर वापस लौटे थे। दुर्ग बस स्टैंड में बस से उतरते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनकी आंख के ऊपर गंभीर चोट आई।
घटना के तुरंत बाद उनकी बेटी और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर गिरने से आई गंभीर चोट को मौत की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दिल का दौरा पड़ने की आशंका से भी पूरी तरह इनकार नहीं किया गया है।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।


