कुदरगढ़ धाम के भव्य विकास का ऐलान, 185 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

Spread the love

सूरजपुर, 21 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्रि की तृतीया के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ पहुंचकर मां कुदरगढ़ी के दर्शन किए और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने कुदरगढ़ धाम के भव्य एवं समग्र विकास का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 185 करोड़ रुपये के 76 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 20 करोड़ रुपये की लागत के 52 कार्यों का लोकार्पण तथा 164 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन विकास कार्यों में सड़क, भवन, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े निर्माण कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुदरगढ़ में लगभग 3 करोड़ 9 लाख 60 हजार रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त विश्रामगृह का लोकार्पण भी किया। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुदरगढ़ धाम में शीघ्र ही रोपवे का निर्माण कराया जाएगा, साथ ही डोम, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कुदरगढ़ धाम प्रदेश की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसका व्यवस्थित विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सुपोषण रथ, आपराधिक जागरूकता रथ और यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने महिलाओं और बच्चों के बेहतर पोषण, अपराध के प्रति जागरूकता और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में वन विकास निगम के अध्यक्ष राम सेवक पैंकरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?