सकरी, छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के सकरी क्षेत्र में एक अजीबो-गरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरत में डाल दिया है। यहां एक महिला द्वारा संचालित मैरिज ब्यूरो ने ऐसा धोखा दिया कि न केवल विश्वास टूटा, बल्कि आर्थिक नुकसान भी हुआ।
शिवरीनारायण क्षेत्र की निवासी दमयंती (बदला हुआ नाम) ने जुलाई 2024 में सकरी क्षेत्र में रहने वाली चित्रा चौधरी के मैरिज ब्यूरो से संपर्क किया था। चित्रा ने दमयंती को कई लड़कों की तस्वीरें दिखाई, लेकिन कोई पसंद नहीं आया। इसके बाद चित्रा ने अपने ही पति संजय चौधरी की फोटो दिखाई, जिसे पहले तो दमयंती ने ठुकरा दिया। लेकिन चित्रा ने संजय को “उचित वर” बताते हुए दमयंती को मनाने का प्रयास शुरू किया और आखिरकार दमयंती विवाह के लिए राजी हो गई।
धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ दमयंती और संजय की शादी कराई गई, जिसके बाद संजय उसे हरियाणा के हिसार ले गया। दोनों वहां लगभग 11 महीने साथ रहे। फिर बिलासपुर आकर विनोबा नगर में किराए का मकान लिया और दमयंती ने ब्यूटी पार्लर का काम शुरू किया।
इसी दौरान संजय ने बहाने बनाकर दमयंती से करीब 6 लाख रुपये ले लिए और अचानक चित्रा को साथ लेकर गायब हो गया। जब दमयंती ने जानकारी एकत्र की, तो यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि चित्रा और संजय पहले से प्रेम विवाह कर चुके हैं और उनका एक बेटा भी है।
अब पीड़िता ने सकरी थाने में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चित्रा चौधरी और संजय चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।