
रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग में फॉरेस्ट गार्ड (वनरक्षक) भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। 1484 पदों के लिए प्राप्त हजारों आवेदनों में से कुल 16,762 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।
इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि एक पद के लिए बड़ी संख्या में दावेदार मैदान में हैं, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा हो गया है। चयनित अभ्यर्थियों को अब लिखित परीक्षा के अगले चरण में शामिल होना होगा, जिसके बाद मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा। हालांकि चयन उन्हीं उम्मीदवारों का होगा जो भर्ती के सभी निर्धारित मापदंडों को पूरा करेंगे।
वन विभाग में लंबे समय से वनरक्षक के कई पद रिक्त थे। इन पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया। दस्तावेजों की जांच के बाद योग्य अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए पात्र पाया गया है।
2021 की भर्ती निरस्त, शुल्क वापसी जारी
वहीं, वर्ष 2021 में वनरक्षक के 291 पदों (जिसमें 140 पद शामिल थे) के लिए निकाली गई भर्ती को निरस्त कर दिया गया था। यह भर्ती बस्तर और सरगुजा संभाग के विभिन्न वनमंडलों के लिए प्रस्तावित थी।
भर्ती निरस्त होने के बाद अब विभाग ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उनसे लिए गए आवेदन शुल्क की वापसी प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित अभ्यर्थियों को उनकी शुल्क राशि वापस की जा रही है।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच बढ़ी उम्मीदें
वर्तमान भर्ती प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले उम्मीदवारों के पास वन विभाग में नौकरी हासिल करने का सुनहरा अवसर होगा।

