साइंस कॉलेज दुर्ग  के 5 प्राध्यापकों  का भारतीय विज्ञान संस्थान  (IISc), बेंगलुरु में प्रशिक्षण के लिए चयन

Spread the love

प्रशिक्षण से शोध एवं शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक उन्नयन की अपेक्षा: डॉ अजय कुमार सिंह

दुर्ग। उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, नवा रायपुर और राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा ) रायपुर  द्वारा राज्य के विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण भारतीय विज्ञान संस्थान  (IISc), बेंगलुरु में संपन्न होगा, जो देश के अग्रणी शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों में से एक है। शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग के लिए  यह गौरव का विषय है  कि इस  महाविद्यालय के 5 प्राध्यापकों  गणित विभाग से डॉ प्राची सिंह, भौतिक शास्त्र विभाग से डॉ अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ कुसुमांजलि देशमुख, वनस्पति विज्ञानसे डॉ श्रीराम कुंजाम और जंतु विज्ञान से डॉ अलका मिश्रा का चयन प्रशिक्षण के लिए किया गया है।  इन चयनित प्राध्यापकों को नवीनतम शिक्षण तकनीकों, उन्नत शोध पद्धतियों, नवाचार तथा विषय-विशेष के अद्यतन ज्ञान से अवगत कराया जाएगा, जिससे वे  महाविद्यालय  में शिक्षा और शोध की गुणवत्ता को और बेहतर बना सकें। यह प्रशिक्षण 23 मार्च 2026 से 07 अप्रैल 2026 तक कर्नाटक राज्य के स्किल डेवलपमेंट सेन्टर कुंदापुर, चल्लकेरे कैंपस, बेंगलुरु में होगा। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि  इससे शोध एवं शैक्षणिक वातावरण में सकारात्मक उन्नयन की अपेक्षा की जाती है।  प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात ये प्राध्यापक अपने-अपने विषयों में अर्जित ज्ञान एवं अनुभव का प्रसार करेंगे और उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन नवा रायपुर की इस पहल से राज्य में उच्च शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा विद्यार्थियों को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।  डॉ सिंह ने महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी चयनित प्राध्यापकों को आगामी प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?