होली के दिन पुलिस टीम पर हमला करने वाले  5 आरोपी गिरफ्तार, 3 अभी फरार

Spread the love

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में होली के दिन पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में तीन आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार होली के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए हमला कर दिया था। इस घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए निपानिया गांव से पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कामता यादव, लोकेश पटेल, मनोहर यादव, अजीम मोहम्मद और जावेद मोहम्मद शामिल हैं। सभी आरोपी बिल्हा थाना क्षेत्र के निपानिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना की पूरी साजिश का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। वहीं पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?