
दुर्ग | धान खरीदी की सुस्ती को लेकर किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी मुद्दे पर 25 नवंबर दोपहर 12 बजे किसान दो जगहों—दुर्ग में गांधी प्रतिमा चौक और धमधा के गंडई चौक—पर एकसाथ प्रदर्शन करेंगे। यह निर्णय छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन की नगपुरा में आयोजित जिला बैठक में लिया गया।
संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि टोकन प्रक्रिया में हो रही परेशानी और खरीदी केंद्रों की धीमी गति से किसान बेहद परेशान हैं। किसानों का कहना है कि सहकारी समितियों के कर्मचारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि 24 नवंबर से खरीदी फिर से पूरी क्षमता के साथ शुरू हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
बैठक में मौजूद किसानों ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने दक्ष कंप्यूटर ऑपरेटरों को SIR कार्यों में लगा दिया, जिससे खरीदी केंद्रों में आवश्यक स्टाफ की कमी हो गई है। इस वजह से धान खरीदी की प्रक्रिया अपनी पूरी रफ्तार पकड़ ही नहीं पा रही है।

