आत्मानंद स्कूलों में फर्जी नियुक्ति का खेल: 11 शिक्षकों के नाम से जारी नकली पत्र, प्राचार्य की सतर्कता से हुआ खुलासा….

Spread the love

दुर्ग। जिले के 11 आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूलों में 11 संविदा शिक्षकों के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का खुलासा हुआ है। इसी नियुक्ति पत्र के जरिए जब एक महिला शिक्षिका जेपी नगर कैंप-2 स्थित स्कूल में ज्वाइनिंग करने पहुंची तब इसका भंडाफोड़ हुआ।

स्कूल प्राचार्य को नियुक्ति पत्र देखकर इसके फर्जी होने की शंका हुई। उन्होंने महिला को आदेश की फोटोकॉपी कराने भेज दिया। फिर तुरंत जिला शिक्षा विभाग से संपर्क कर जानकारी ली। पता चला कि डीईओ कार्यालय से किसी भी तरह का नियुक्ति आदेश जारी नहीं हुआ है। इसके बाद प्राचार्य इंतजार करती रही, लेकिन शिक्षिका नहीं लौटी। इससे पत्र के फर्जी होने की पुष्टि हो गई।

इसके बाद प्राचार्य सुधा कुर्रे ने जिला शिक्षा अधिकारी को फर्जी नियुक्ति पत्र को लेकर लिखित शिकायत की है। इसी शिकायत पत्र के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने एसपी कार्यालय और कोतवाली थाने में शिकायत की है। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने का प्रतिवेदन दिया है। पत्र में शिक्षकों का पद और प्रारूप दोनों में खामियां थी। इस वजह से पत्र को फर्जी या एडिट पाया गया है।

इनको जारी किया गया है नियुक्ति पत्र

बता दें कि नियुक्ति पत्र के अनुसार तीन अलग-अलग विषयों के लिए शिक्षकों को 1 अप्रैल को स्कूलों में जाकर ज्वाइन करने आदेश दिया गया है। हिंदी विषय के लिए किसन सहारे को नेवई, रोहिणी साहू को दुर्ग, दीपिका धुरंधर को बोई, गणित विषय के लिए राजेश देवांगन को देवादा, भारती निर्मलकर को धमधा, रिचा शर्मा को अंजोय, नेहा राठौर को बासिन, श्वेता कौर को कैंप 2 छावनी, किरण पटेल को कुम्हारी, वाणिज्य विषय के लिए नमेश देवांगन को चरोदा, किरण चौधरी को उतई स्कूल जाकर ज्वाइन करने का उल्लेख किया गया है। शंका है कि पैसा लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?