
भिलाई।
इंदिरा गाँधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, वैशाली नगर भिलाई के बी.एससी. बायोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी संकाय के विद्यार्थियों के लिए पीएम-उषा योजना अंतर्गत प्राप्त अनुदान से पी.वी.आर. नर्सरी में शैक्षणिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं को कृत्रिम वानस्पतिक प्रवर्धन की विभिन्न विधियों, पौधों के अंकुरण की आधुनिक तकनीकों तथा पौधों के कीट एवं रोग प्रबंधन के संबंध में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ही लाल व पीली शिमला मिर्च, जापानी खरबूजा, बैंगन सहित विभिन्न फसलों की उन्नत किस्मों के पौधे तैयार करने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक उपकरणों जैसे ऑटोमेटेड सीडलिंग मशीन के सिद्धांत एवं उसके व्यावहारिक अनुप्रयोग की जानकारी दी गई। भविष्य में विद्यार्थियों को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से ओर्नामेंटल एवं एक्सोटिक नर्सरी का भी भ्रमण कराया गया। पी.वी.आर. नर्सरी के प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा स्वरोजगार के अवसरों और नर्सरी आधारित व्यवसाय की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रीमती अलका मेश्राम ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को रोजगारोन्मुखी बताते हुए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया। विज्ञान संकाय की प्राध्यापक डॉ. श्रीमती नीता डेनियल, डॉ. श्रीमती मिनाक्षी भारद्वाज एवं डॉ. अजय कुमार मनहर द्वारा पी.वी.आर. नर्सरी के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

