नवीनतम शिक्षण तकनीकों के प्रशिक्षण में दुर्ग महाविद्यालय के प्राध्यापकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

Spread the love

दुर्ग |

उच्च शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन, नवा रायपुर एवं राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) रायपुर द्वारा राज्य के विज्ञान संकाय के प्राध्यापकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 मार्च 2026 से 07 अप्रैल 2026 तक कर्नाटक स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कुंदापुर (चल्लकेरे कैंपस), बेंगलुरु में आयोजित किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के विभिन्न विभागों से प्राध्यापकों ने सहभागिता की। गणित विभाग से डॉ प्राची सिंह, भौतिक शास्त्र विभाग से डॉ अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ कुसुमांजलि देशमुख, वनस्पति विज्ञान से डॉ श्रीराम कुंजाम तथा जंतु विज्ञान से डॉ अलका मिश्रा ने अपने उत्कृष्ट ज्ञान, समर्पण एवं सक्रिय भागीदारी से विशेष पहचान बनाई।

कार्यक्रम के दौरान नवीनतम शिक्षण तकनीकों, अनुसंधान विधियों एवं उन्नत विषयों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण में भौतिक शास्त्र विभाग के डॉ अभिषेक कुमार मिश्रा एवं डॉ कुसुमांजलि देशमुख ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए “बेस्ट परफॉर्मर अवॉर्ड” प्राप्त कर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया।

समापन अवसर पर प्रतिभागियों के प्रदर्शन, अनुशासन एवं नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण के आधार पर यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कोर्स संयोजक डॉ सुब्बा रेड्डी, विभिन्न विज्ञान विषयों के समन्वयक, रूसा कोऑर्डिनेटर डॉ एम.एस. गुप्ता सहित सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अजय कुमार सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल प्राध्यापकों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की उपलब्धियाँ प्राप्त होती रहेंगी और शिक्षण गुणवत्ता में निरंतर सुधार होगा।

इस अवसर पर भौतिक शास्त्र विभागाध्यक्ष एवं स्वशासी प्रकोष्ठ की नियंत्रक डॉ जगजीत कौर सलूजा ने सभी प्राध्यापकों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण में अर्जित ज्ञान को विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम का उद्देश्य सफल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?