
रायपुर, 21 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में “ड्रीम गर्ल” फिल्म जैसी हाईटेक साइबर ठगी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। ठगों ने लड़कियों की दिलकश आवाज में बात कर बीमा पॉलिसी मैच्योर होने और बोनस दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने इस मामले में दिल्ली-एनसीआर से संचालित एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सेजबहार निवासी परमजीत सिंह को ठगों ने फोन कर उनकी बीमा पॉलिसी मैच्योर होने की बात कही और बड़ा बोनस दिलाने का लालच दिया। भरोसा जीतने के बाद अलग-अलग बहानों से उनसे कुल 9.69 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह पूरा नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से संचालित हो रहा था। नोएडा के पॉश इलाके में स्थित गौर सिटी मॉल में आरोपियों ने एक आलीशान ऑफिस खोल रखा था, जहां से पूरे देश में कॉल कर लोगों को ठगा जा रहा था। बाहर से यह ऑफिस एक वैध कॉल सेंटर जैसा दिखता था, लेकिन अंदर साइबर ठगी का अड्डा संचालित हो रहा था।
रायपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दिल्ली में छापेमारी कर गिरोह के मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
इस ठगी की सबसे खतरनाक खासियत हाईटेक एप्लीकेशन का इस्तेमाल था। आरोपी इन ऐप्स के जरिए अपनी आवाज को महिला की आवाज में बदल लेते थे, जिससे पीड़ितों को जरा भी शक नहीं होता था और वे आसानी से झांसे में आ जाते थे।
पुलिस आंकड़ों के मुताबिक, पिछले डेढ़ साल में छत्तीसगढ़ में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की साइबर ठगी सामने आ चुकी है। यह मामला एक बार फिर बढ़ते साइबर अपराध के खतरे को उजागर करता है।
सावधानी ही सुरक्षा
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल या OTP साझा न करें और किसी भी लालच में आकर पैसे ट्रांसफर करने से बचें। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत करें।
