
दुर्ग। दुर्ग जिले के देवबलौदा में घटित दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में युवा शक्ति सामाजिक संगठन, दुर्ग के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ व्यक्तियों द्वारा एक विशेष समुदाय को लेकर आपत्तिजनक गतिविधियाँ एवं बयानबाजी की गई है, जिससे सामाजिक सौहार्द, शहर एवं प्रदेश की शांति व्यवस्था तथा देश की एकता एवं अखंडता को आघात पहुंचाने का प्रयास किया गया है। इस घटना से आमजन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष विवेक मिश्रा ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं समाज में अनावश्यक तनाव उत्पन्न करती हैं और संविधान तथा कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों की पहचान की जाए तथा उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर प्रभावी रोक लगाने की भी मांग की गई।
संगठन का स्पष्ट मत है कि किसी भी व्यक्ति या समूह को देश की एकता एवं अखंडता से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जा सकती और ऐसे कृत्यों पर कठोरतम कार्रवाई होना आवश्यक है।
ज्ञापन सौंपने वालों में विवेक मिश्रा, संतोष तिवारी, आनंद ताम्रकार, मनीष सोनकर, शिवेश सोनी, विकास सापेकर, सैयद आसिफ, जितेंद्र सारथी, अशोक चंद्राकर, ऋषि साहू, सुधीर चंदेल, तारेंद्र टांडिया, चंदन मटियारा, संदीप साहू, राज पटेल सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।

