लिफ्ट मांगकर युवक पर जानलेवा हमला: कटर से वार कर आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

दुर्ग-भिलाई | छावनी थाना क्षेत्र
भिलाई के कैंप-1 स्थित जनता स्कूल क्षेत्र में शनिवार को लिफ्ट मांगने के बहाने एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दो युवकों ने पहले लिफ्ट मांगी और गंतव्य तक पहुंचने के बाद कटर से हमला कर फरार हो गए। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोषी पारा वार्ड-33 निवासी ऋतिक चौधरी गौरव पथ आम्रपाली के पास आलू-पराठा की दुकान लगाता है। शनिवार को वह दुकान का सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान दो युवकों ने उसे रोककर जनता स्कूल तक छोड़ने का अनुरोध किया।
शुरुआत में ऋतिक ने लिफ्ट देने से मना कर दिया, लेकिन दोनों युवकों के लगातार दबाव बनाने पर उसने उन्हें जनता स्कूल के पास छोड़ दिया।

गाड़ी से उतरते ही किया हमला
पीड़ित के मुताबिक, जैसे ही दोनों युवक बाइक से उतरे, उन्होंने अचानक उसे थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और तीनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान मिलन चौक निवासी सुशांत नामक युवक ने कटर निकालकर ऋतिक के सीने और हाथ पर वार कर दिया। हमले में ऋतिक गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऋतिक ने बताया कि वह दोनों आरोपियों को पहचानता है और उन्हें आसानी से पहचान सकता है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?