भिलाई में होली की रात युवक की लाश मिली: फ्लाईओवर के नीचे पड़ा मिला शव, पहचान नहीं हो सकी

Spread the love

दुर्ग-भिलाई।
छत्तीसगढ़ के Bhilai में होली की रात एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की लाश सेक्टर-1 स्थित मुर्गा चौक फ्लाईओवर के नीचे पड़ी मिली। घटना Durg जिले के भिलाई भट्टी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे राहगीरों ने फ्लाईओवर के नीचे एक युवक को पड़े देखा। पास जाकर देखने पर वह मृत मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसके पास से कोई पहचान पत्र भी बरामद नहीं हुआ है।

FSL टीम ने की जांच
घटनास्थल का निरीक्षण FSL टीम ने किया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास की स्थिति की बारीकी से जांच की।

फ्लाईओवर से गिरने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत फ्लाईओवर से गिरने के कारण हुई हो सकती है। हालांकि यह हादसा है या आत्महत्या, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
भिलाई नगर CSP सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फ्लाईओवर से गिरने का प्रतीत हो रहा है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया है। वहीं भिलाई भट्टी थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?