दंतेवाड़ा सड़क हादसा: आर्टिका कार 4-5 बार पलटी, 6 माह की बच्ची समेत 8 घायल

Spread the love

दंतेवाड़ा |

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 6 महीने की मासूम बच्ची सहित 8 लोग घायल हो गए। हादसा दंतेवाड़ा-बचेली मार्ग पर उस समय हुआ, जब रायपुर से किरंदुल जा रही एक आर्टिका कार अनियंत्रित होकर 4-5 बार पलटते हुए सड़क किनारे खेत में जा गिरी। घटना भांसी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

कार से बाहर जा गिरी मासूम, पेड़ में फंसी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार में कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 3 महिलाएं, 2 पुरुष और 3 छोटे बच्चे शामिल हैं। सभी रायपुर के भाठागांव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने किरंदुल जा रहे थे।
हादसे के दौरान 6 महीने की बच्ची कार से बाहर जा गिरी और एक पेड़ में फंस गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई है। बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है।

स्थानीय लोगों और पुलिस ने किया रेस्क्यू

हादसे के बाद पास स्थित क्रशर प्लांट के कर्मचारी और मजदूर तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल बचेली में भर्ती कराया गया।

एक महिला की हालत गंभीर, रायपुर रेफर

घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?