
धमतरी। शहर के नंदा हॉस्पिटल गली स्थित एक किराए के मकान में शनिवार देर रात कॉलोनीवासियों ने संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हंगामा कर दिया। स्थानीय लोगों ने मौके से तीन युवक और दो युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में देह व्यापार की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के पीछे स्थित इस मकान में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। शनिवार देर रात कुछ लोगों की आवाजाही बढ़ने पर कॉलोनीवासियों को शक हुआ, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। लोगों ने मकान में मौजूद तीन युवकों और दो युवतियों को पकड़ लिया और तुरंत सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ अन्य लोग मौके से भागने में भी सफल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
फिलहाल पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।
पुलिस ने कहा – जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है। यदि अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

