
रायपुर। बस्तर में बाढ़ पर सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है विदेश दौरे से स्थितियों की जानकारी ली थी। बस्तर में कई लोगों की जान गई और फसल बर्बाद हुआ। प्रभावितों को मुआवजा देने कहा गया है। राहत कार्य में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। सीएम साय ने इसके पहले भी विदेश दौरे के दौरान वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए बस्तर में बाढ़ का जायजा लिए थे। अधिकारियों को इस राहत कार्य एवं राहत राशि हेतु निर्देशित किए।
बता दें कि बीते दिनों जापान और दक्षिण कोरिया के दौरे पर गए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार तक हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की पीड़ा को शीघ्र कम करना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लोगों को यह महसूस होना चाहिए कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर संभाग के बाढ़ प्रभावित जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के कलेक्टरों व वरिष्ठ अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की विस्तृत समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से हुई जनहानि और पशुहानि प्रभावित परिवारों को राहत राशि बिना विलंब के उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त आवासों के सुधार हेतु तिरपाल, बांस-बल्ली और राहत राशि का वितरण प्राथमिकता से किया जाए।