कवर्धा में ‘छल्ला गैंग’ का पर्दाफाश : एक नाबालिग सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

कवर्धा | 02 मार्च 2026
छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से सक्रिय लुटेरा गिरोह ‘छल्ला गैंग’ का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में एक नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह पर राहगीरों, व्यापारियों एवं बाहरी व्यक्तियों को सुनसान मार्गों पर रोककर धमकाने और लूटपाट करने के कई मामले दर्ज थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुकदुर क्षेत्र में बीते कई महीनों से लूट की घटनाओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर आरोपियों पर निगरानी रखी गई। सटीक सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नगद राशि, लूट में प्रयुक्त औजार तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बताया गया है कि गिरोह के सदस्य स्वयं को ‘छल्ला’ नाम से पहचानते थे और इसी नाम से क्षेत्र में दहशत फैलाते थे।
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां आरोपी सुनसान और अंधेरे रास्तों पर राहगीरों को रोककर वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों द्वारा कुछ पीड़ितों के साथ मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ था।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ जारी है और संभावना है कि गिरोह से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?