बैडमिंटन खेलते-खेलते कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत, शॉट मारते ही अचानक गिरे

Spread the love

Businessman dies of heart attack while playing badminton

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बैडमिंटन खेलते समय हार्डवेयर कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई स्तब्ध है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शॉट मारने के बाद कारोबारी जैसे ही चिड़िया उठाने आगे बढ़ते हैं, अचानक जमीन पर गिर पड़ते हैं और फिर दोबारा उठ नहीं पाते।

मृतक की पहचान ईदगाह भाठा निवासी अमृत बजाज (57) के रूप में हुई है। वे लंबे समय से शुगर के मरीज थे। घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र के अश्विनी नगर स्थित सोनकर बाड़ी ग्राउंड में बने बैडमिंटन कोर्ट की है। अमृत बजाज रोजाना की तरह सोमवार सुबह भी दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेलने पहुंचे थे। खेल के दौरान उन्होंने एक शॉट मारा और जैसे ही चिड़िया नीचे गिरी, उसे उठाने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे धड़ाम से नीचे गिर पड़े।

मौके पर मौजूद दोस्तों ने तत्काल उन्हें उठाकर पास के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

परिजनों ने बताया कि अमृत बजाज नियमित रूप से सुबह बैडमिंटन और कभी-कभी क्रिकेट खेलने जाया करते थे। खेलकूद उनकी दिनचर्या का हिस्सा था। वे फिटनेस को लेकर भी सजग रहते थे। लेकिन अचानक इस तरह हुई मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। कारोबारी का अंतिम संस्कार 16 फरवरी को मरवाड़ी मुक्तिधाम में किया गया। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि नियमित स्वास्थ्य जांच और सावधानी बेहद जरूरी है, खासकर मधुमेह और हृदय रोग से ग्रसित लोगों के लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?