साली को रंग लगाने से रोका तो भड़का जीजा, पत्नी से की मारपीट; केस दर्ज

Spread the love

बिलासपुर। होली के दिन साली को रंग लगाने से मना करने पर नाराज एक युवक ने घर लौटकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगला क्षेत्र स्थित महर्षि स्कूल के पास रहने वाली महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसे छोड़कर उसकी छोटी बहन (साली) से शादी करने की बात कहता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। महिला का कहना है कि इसी कारण आरोपी आए दिन उससे मारपीट भी करता है।
पीड़िता ने बताया कि होली के दिन उसका पति साली को रंग लगाने के लिए उसलापुर स्थित ससुराल पहुंच गया। वहां साली ने रंग लगवाने से साफ मना कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उसे ऐसा करने से रोक दिया, जिससे नाराज होकर आरोपी ने घर में हंगामा करते हुए सामान फेंक दिया और वहां से वापस अपने घर लौट आया।
घर पहुंचने के बाद आरोपी ने ससुराल में सम्मान नहीं मिलने की बात कहते हुए अपनी पत्नी से विवाद शुरू कर दिया और उसके साथ मारपीट कर दी। महिला ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन आरोपी ने दोबारा झगड़ा करते हुए उसे घर से निकालने की कोशिश की।
घटना के बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?