भूपेश बघेल को कांग्रेस ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बने बिहार विधानसभा चुनाव के स्टार प्रचारक और सीनियर ऑब्जर्वर

Spread the love

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है। पार्टी ने उन्हें सीनियर ऑब्जर्वर की अहम जिम्मेदारी भी सौंपी है। बघेल अब कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ बिहार चुनाव प्रचार की रणनीति तय करेंगे।

रायपुर/पटना 27 अक्टूबर 2025। कांग्रेस ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम भी प्रमुख रूप से शामिल है। पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें सीनियर ऑब्जर्वर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी है।

इस सूची में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, और प्रियंका गांधी वाड्रा जैसे दिग्गज नेताओं के साथ-साथ अशोक गहलोत, सुखविंदर सिंह सुक्खू, दिग्विजय सिंह, अधीर रंजन चौधरी, और मीरा कुमार जैसे वरिष्ठ चेहरों को भी शामिल किया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री को राष्ट्रीय स्तर पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

बिहार में रणनीति के केंद्र में होंगे बघेल

कांग्रेस ने भूपेश बघेल को बिहार विधानसभा चुनाव में सीनियर ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। इस भूमिका में वे न केवल प्रचार रणनीति तैयार करेंगे, बल्कि उम्मीदवार चयन, स्थानीय समीकरणों के विश्लेषण और गठबंधन तालमेल में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बिहार प्रचार के पहले चरण में जिन क्षेत्रों में सक्रिय होंगे, वहां भूपेश बघेल की रणनीतिक टीम भी साथ रहेगी।

बघेल के नेतृत्व और चुनावी प्रबंधन कौशल को पार्टी पहले भी कई बार परख चुकी है। 2024 लोकसभा चुनाव में वे रायबरेली संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी के चुनाव अभियान के ऑब्जर्वर रहे थे, जहां कांग्रेस को ऐतिहासिक जीत मिली। इसके अलावा, वे हिमाचल प्रदेश, झारखंड, असम, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों में भी बतौर पर्यवेक्षक या समन्वयक सक्रिय रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?