
अर्जुंदा | शहीद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय अर्जुंदा में 10 दिसंबर को विश्व मानव अधिकार दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से हुई।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमाली गुप्ता ने मानवाधिकार के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं को अधिकारों के संरक्षण और सम्मान के लिए आगे आने का संदेश दिया।
IQAC समन्वयक एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपिका ने अपने वक्तव्य में कहा कि मनुष्य को अधिकारों के साथ-साथ अपने दायित्वों के प्रति भी समान रूप से जागरूक होना चाहिए, तभी मानवाधिकार की वास्तविक सार्थकता स्थापित होती है।
सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) मोहित साव ने कहा कि हमें जो अधिकार प्राप्त हैं, वे संविधान की देन हैं, इसलिए इनका सम्मान और संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में राजनीति विज्ञान विभाग के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रकाश सिंह बादल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा कार्यक्रम का संचालन मनोज साहू ने सुचारू रूप से किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने मानवाधिकार संरक्षण और जागरूकता का संकल्प लिया।

