
खैरागढ़— ग्राम चिचोला की 14 वर्षीय बालिका की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य कांड के विरोध में और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सरपंच के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने विशाल कैंडल मार्च निकाला। हाथों में मोमबत्तियां लिए युवाओं और ग्रामीणों ने एक स्वर में आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
घटना 28 मार्च 2026 की है, जब बालिका अपने मामा के विवाह समारोह में ग्राम पिपरिया आई थी। रिसेप्शन के दौरान वह अचानक लापता हो गई। जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मोहन वर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे अगवा किया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसका मोबाइल तोड़ दिया। हैवानियत की हदें पार करते हुए आरोपियों ने जयरामनगर स्टेशन के पास बालिका को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस हृदयविदारक घटना के खिलाफ अवंति चौक से गौठान चौक तक मार्च निकाल कर ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन दोषियों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।

