कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा -:प्लास्टिक बोतल वाली शराब से कैंसर होता है या नहीं, अनुभव लेकर ही बताऊंगा

Spread the love

दुर्ग। राज्य के कृषि मंत्री रामविचार नेताम एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में अश्लील नृत्य को कला बताने संबंधी टिप्पणी से पहले ही आलोचनाओं का सामना कर रहे मंत्री ने इस बार प्लास्टिक बोतलों में बिकने वाली शराब को लेकर ऐसा बयान दिया, जिस पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शुक्रवार को कामधेनु विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब उनसे प्लास्टिक बोतलों में शराब बेचने से कैंसर होने की आशंका पर सवाल किया गया, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि प्लास्टिक या कांच की बोतल में रखी शराब से कैंसर होता है या नहीं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस बारे में अनुभव लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने हाल ही में शराब को प्लास्टिक बोतलों में बेचने का निर्णय लिया है, जिसे लेकर पर्यावरणविद और स्वास्थ्य विशेषज्ञ सवाल उठा रहे हैं।
धान खरीदी की तारीख बढ़ाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री नेताम ने स्वीकार किया कि समय सीमित है, लेकिन सरकार की ओर से सभी किसानों से धान खरीदी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
कांग्रेस द्वारा आंदोलन की तैयारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम हमेशा लोगों को भड़काना रहा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में धान खरीदी की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
वहीं, यूजीसी से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई रोक पर सवाल करने पर कृषि मंत्री ने इसे राष्ट्रीय स्तर का विषय बताते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?